पीड़िता का दावा— तिल की फसल जोतकर नष्ट की गई, जमीन पर निर्माण शुरू करने और धमकी देने का भी आरोप; प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग।
छतरपुर। जिले की जनसुनवाई में मंगलवार को ग्राम गहबरा, तहसील गौरिहार निवासी केशकली अहिरवार ने अपनी कृषि भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत कलेक्टर से की। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति फूल सिंह अहिरवार, जो सीआरपीएफ में जम्मू-कश्मीर में पदस्थ हैं, उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया।
आवेदन के अनुसार, खसरा नंबर 1473 और 1475 की कृषि भूमि पर बोई गई तिल की फसल को जोतकर नष्ट कर दिया गया। साथ ही, जमीन के एक हिस्से पर पिलर खोदकर मकान निर्माण शुरू करने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़िता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने पहले तहसीलदार गौरिहार और थाना गौरिहार में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक न तो राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और न ही पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई की गई।
महिला ने कलेक्टर से मांग की है कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित अतिक्रमण हटाया जाए और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
हालांकि, यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए आवेदन और बयान पर आधारित हैं।

Post a Comment