जानकारी के अनुसार, डब्बू अहिरवार 27 जून 2026 की शाम अपने भाई गोविंद अहिरवार का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 16 MD 0825) अस्पताल परिसर में मंदिर के सामने खड़ी कर दी और भाई के इलाज के लिए अंदर चले गए। रात करीब 10:30 बजे वापस लौटने पर उनकी बाइक मौके से गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने बताया कि 28 जून को उसने सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी बाइक बरामद नहीं हो सकी। इसके बाद उसने एसपी से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में पीड़ित ने यह भी आशंका जताई है कि जिस स्थान पर बाइक खड़ी थी, वहां लगा सीसीटीवी कैमरा बंद था। यदि कैमरे चालू रहते तो चोरों की पहचान संभव हो सकती थी। लगातार अस्पताल परिसर से हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर बाइक बरामद कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment