21 जुलाई 2026 को थाना गढ़ीमलहरा प्रभारी रीता सिंह के खिलाफ हुए प्रदर्शन को लेकर नया दावा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन में थाना गढ़ीमलहरा क्षेत्र के लोगों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी, जबकि पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे अन्य थाना क्षेत्रों के शिकायतकर्ता अधिक संख्या में मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे लोगो द्वारा इसे बड़ा और उग्र स्वरूप देने के लिए छतरपुर के कुछ संगठनों का सहयोग लिया गया। वहीं, प्रदर्शन से जुड़े कुछ स्थानीय लोगों पर अपनी राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से थाना प्रभारी पर दबाव बनाने की कोशिश करने के आरोप लगाए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ लोग समय-समय पर थाना प्रभारी रीता सिंह से फोन पर संपर्क कर अथवा थाने पहुंचकर अपने पक्ष में कार्रवाई की मांग करते रहे हैं। आरोप है कि जब थाना प्रभारी द्वारा नियमों के विरुद्ध या अनुचित कार्रवाई करने से इनकार किया जाता है, तो उनके खिलाफ विरोध और प्रदर्शन का रास्ता अपनाया जाता है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में प्रदर्शन और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment