छतरपुर/लवकुशनगर। छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दो मासूम भाइयों की मौत से सनसनी फैल गई। शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौटते समय लापता हुए 11 वर्षीय सचिन यादव और 9 वर्षीय प्रेम यादव के शव रविवार शाम पुरवा बम्होरी गांव के एक कुएं से बरामद किए गए। मामले में आरोपी बालेंद्र सिंह की तलाश पुलिस कर रही है और उस पर इनाम भी घोषित किया गया है।
स्कूल से घर लौटते समय हुए थे लापता
जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2 स्थित सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के दोनों बेटे सचिन यादव और प्रेम यादव स्थानीय क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल में पढ़ते थे। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दोनों स्कूल से घर लौट रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।
काफी देर तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला तो बच्चों की मां संगीता यादव ने लवकुशनगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
तलाश के दौरान कुएं से मिले दोनों बच्चों के शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए टीमें गठित कीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संभावित रास्तों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस पुरवा बम्होरी गांव पहुंची, जहां एक कुएं में दोनों बच्चों के शव उतराते मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम संबंध का एंगल, आरोपी बालेंद्र सिंह की तलाश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी बालेंद्र सिंह पहले से बच्चों का परिचित था। आरोप है कि उसका बच्चों की मां से प्रेम संबंध था और वह महिला को अपने साथ रखना चाहता था। आरोप है कि इसी वजह से उसने दोनों बच्चों को खिलाने के बहाने अपने साथ लिया और बाद में उन्हें कुएं में फेंक दिया।
हालांकि, पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
आरोपी पर इनाम घोषित
दोनों मासूमों के शव मिलने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी बालेंद्र सिंह की तलाश तेज कर दी है और उसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।

Post a Comment