छतरपुर में 4 हाथ-पैर वाले नवजात को एयर एंबुलेंस से जबलपुर भेजा गया, खजुराहो एयरपोर्ट से हुआ एयरलिफ्ट

 

छतरपुर। जिले के सिविल अस्पताल लवकुशनगर में एक नवजात का जन्म अत्यंत दुर्लभ जन्मजात विकृति के साथ हुआ। नवजात के शरीर में चार हाथ और चार पैर पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बच्चे को तत्काल जिला चिकित्सालय छतरपुर के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया।
एसएनसीयू प्रभारी डॉ. नीरज द्विवेदी ने नवजात का प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय परीक्षण किया। बच्चे की जटिल स्थिति को देखते हुए पीडियाट्रिक सर्जन की सलाह पर उसे उच्च स्तरीय सर्जरी और उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. पी. गुप्ता ने कलेक्टर मृणाल मीना को दी। कलेक्टर की स्वीकृति के बाद नवजात को 'पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा' के जरिए जबलपुर भेजने की व्यवस्था की गई


नवजात को 108 एंबुलेंस के माध्यम से लाइफ सपोर्ट के साथ खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचाया गया। यहां एसएनसीयू प्रभारी डॉ. नीरज द्विवेदी और नर्सिंग ऑफिसर शिवानी चौधरी की देखरेख में बच्चे को एयर एंबुलेंस की विशेषज्ञ मेडिकल टीम को सौंपा गया। इसके बाद नवजात को एयर एंबुलेंस से जबलपुर रवाना किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, छतरपुर जिले में पीएम श्री एयर एंबुलेंस योजना के तहत अब तक 15 गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए एयरलिफ्ट किया जा चुका है। विभाग के मुताबिक, इससे पहले रेफर किए गए 14 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post