छतरपुर, अंकित। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र से चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक के पिछले 7 दिनों से लगातार रोजाना अंडरवियर (चड्डी) चोरी होने का मामला सामने आया है। लगातार हो रही इस अजीब चोरी से परेशान युवक ने पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित गौरीशरण कुशवाहा के मुताबिक, पिछले करीब सात दिनों से उसके घर से रोजाना एक-एक करके अंडरवियर गायब हो रहे हैं। युवक का कहना है कि वह घर में ताला लगाकर बाहर जाता है। इसके बावजूद जब वह वापस लौटता है तो उसके कपड़ों में से अंडरवियर गायब मिलते हैं। अब तक करीब 7 अंडरवियर चोरी हो चुके हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से युवक परेशान है। पीड़ित को आशंका है कि घर की छत पर दरवाजा नहीं होने के कारण कोई व्यक्ति वहां से घर के अंदर प्रवेश करता है और उसके कपड़े चोरी कर ले जाता है।
हालांकि, इस अजीबोगरीब चोरी के पीछे कौन है और आखिर अंडरवियर ही क्यों चोरी किए जा रहे हैं, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर तरह-तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।
पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए लवकुशनगर थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लगातार हो रही चोरी के पीछे कौन है और इन घटनाओं को किस तरह अंजाम दिया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि युवक के घर से लगातार अंडरवियर गायब होने के पीछे आखिर किसका हाथ है। अब देखना होगा कि पुलिस इस अजीबोगरीब चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।

Post a Comment