छतरपुर/बाजना। शासकीय पीएम श्री स्कूल बाजना में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण को लेकर विवाद सामने आया है। स्कूल के दलित प्राचार्य एन.पी. अहिरवार को ध्वजारोहण नहीं करने देने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि प्राचार्य अनुसूचित जाति समाज से आते हैं और इसी वजह से उन्हें ध्वजारोहण करने से रोका गया। विरोध करने वाले ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया।
मामले के बाद ग्रामीण युवा कांग्रेस नेता लोकेंद्र वर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण छतरपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक संतोष साहू, सरपंच भागवती शुक्ला और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शुक्ला द्वारा ध्वजारोहण में व्यवधान डाला गया। ग्रामीणों के अनुसार, प्राचार्य को हटाकर वर्तमान सरपंच से ध्वजारोहण कराया गया, जबकि पंचायत स्तर पर नियमानुसार सरपंच द्वारा पंचायत में ध्वजारोहण किया जाना था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम ने कही जांच की बात
मामले को लेकर एसडीएम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत से कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रशासन द्वारा मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर है।

Post a Comment