छतरपुर में दिनदहाड़े महिला की गला रेतकर हत्या, अमलतास कॉलोनी में मचा हड़कंप; एसपी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे

 

छतरपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आने से इलाके में दहशत फैल गई। बच्चा जेल के पास अमलतास कॉलोनी से सटे एक मकान में करीब 25 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

मृतका की पहचान मालती प्रजापति, पत्नी सुमन कुमार प्रजापति, निवासी थरा गांव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वारदात दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।

घर के बाहर खेल रहा था 7 वर्षीय बेटा

घटना के दौरान मृतका का 7 वर्षीय बेटा घर के बाहर साइकिल चला रहा था। उसे घर के अंदर हुई वारदात की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान बजरंग नगर में किराए के मकान में रहने वाला मृतका का भाई पुष्पेंद्र प्रजापति घर पहुंचा।

पुष्पेंद्र ने पहले अपने भांजे को घर के बाहर खेलते देखा। इसके बाद जब वह घर के अंदर गया तो उसकी बहन खून से लथपथ हालत में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही उसने पुलिस की डायल-100 सेवा और एंबुलेंस को सूचना दी।

काम के सिलसिले में बाहर गया था पति

परिजनों के अनुसार मृतका का पति सुमन कुमार पशु चिकित्सा से जुड़े निजी कार्य के सिलसिले में ढिलापुर गांव गया हुआ था। बताया गया है कि परिवार ने हाल ही में दीपावली के आसपास नए बने मकान में गृह प्रवेश किया था।

दिनदहाड़े घर के अंदर हुई हत्या की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं हत्या के कारणों और वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के समय इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

फिलहाल हत्या की वजह और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह और घटना में शामिल व्यक्ति के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post