पुलिस परेड ग्राउंड में वैभव, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

 

छतरपुर। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शनिवार को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।


कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री दिलीप अहिरवार ने वीआईपी वाहन में सवार होकर भव्य परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए तथा हर्ष फायरिंग की गई। पुलिस प्लाटून बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच परेड में शामिल सभी 10 टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान


समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं सेवा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया गया, जिसका मल्टी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारण किया गया।
विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि श्री दिलीप अहिरवार ने कार्यक्रम को संबोधित किया।


समारोह के समापन से पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का पुनः गायन हुआ। इसके पश्चात तिरंगा यात्रा आयोजित की गई और स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले, जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, अपर कलेक्टर श्री विनय द्विवेदी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) श्री अरविंद सिंह दांगी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
भव्य परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा के कमांड में किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन उद्घोषक राकेश खरे, शिवांगी तिवारी एवं श्रीनिवास नायक, आकाशवाणी केंद्र छतरपुर द्वारा किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे पुलिस परेड ग्राउंड में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया।

Post a Comment

Previous Post Next Post