बदमाशों ने दुकान में घुसकर की मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी, पुलिस अधीक्षक से शिकायत

 

छतरपुर। जिला अंतर्गत थाना हिनौता क्षेत्र में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। एक नाबालिग छात्रा ने गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों पर अपने पिता के साथ मारपीट करने, खुद के साथ बुरी नीयत से छेड़खानी करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय थाने में उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज न होने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

दुकान पर बैठे पिता पर लाठी-डंडों से हमला
शिकायती पत्र के अनुसार, पीड़िता कक्षा 10वीं की छात्रा है। उसके पिता गांव के बाहर मुख्य सड़क के किनारे एक किराने की दुकान चलाते हैं। 13 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे जब उसके पिता दुकान पर बैठे थे, तभी गांव के ही गुन्नू केवट, छंगू केवट और गोरे सिंह ठाकुर नाम के तीन व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पीड़िता के पिता के सिर पर गंभीर चोट आई।

बचाने आई नाबालिग से छेड़खानी और दुष्कर्म की धमकी

छात्रा का कहना है* कि जब वह अपने पिता को बचाने दौड़ी, तो आरोपियों ने उसके साथ भी बर्बरता की। गोरे सिंह और गुन्नू केवट ने उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया और अगवा करने की कोशिश की। विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए दुष्कर्म करने की धमकी दी। शोर सुनकर जब छात्रा की मां और भाई मौके पर पहुंचे, तो आरोपी छंगू केवट ने पीड़िता का मुंह दबा दिया और मारपीट की, जिससे उसके कान में चोट आई है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पीड़िता ने बताया कि घायल अवस्था में उसका इलाज चंदला अस्पताल में कराया गया, जिसकी पर्ची उसके पास मौजूद है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते-जाते पीड़िता को दोबारा मौका मिलने पर इज्जत लूटने और उसके पिता को जान से खत्म करने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता का आरोप है कि थाना प्रभारी हिनौता द्वारा इस मामले में उचित धाराओं के तहत केस दर्ज नहीं किया गया है, जिसके कारण आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं। छात्रा ने एसपी से आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post