छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में व्याप्त विभिन्न अव्यवस्थाओं और छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर शिवसेना की छात्र इकाई भारतीय विद्यार्थी सेना ने विश्वविद्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय विद्यार्थी सेना के इकाई अध्यक्ष रत्नेश अवस्थी ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याओं का उचित समाधान नहीं हो रहा है और व्यवस्थाओं को लेकर लगातार परेशानी बनी हुई है।
15 अक्टूबर को तालाबंदी की चेतावनी
आंदोलन में मुख्य अतिथि के रूप में युवा शिवसेना अध्यक्ष नितेश तिवारी मौजूद रहे। नितेश तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से 8 सितंबर 2026 को मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो 15 अक्टूबर को विश्वविद्यालय में तालाबंदी का आंदोलन किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाई मांग
ज्ञापन में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने और बिना आईडी कार्ड किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने की मांग की गई।
इसके साथ ही पूरे विश्वविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की गई। संगठन का कहना है कि इससे परिसर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
कक्षाओं में फिल्टर पानी और बिजली व्यवस्था की मांग
भारतीय विद्यार्थी सेना ने विश्वविद्यालय की प्रत्येक कक्षा में स्वच्छ एवं फिल्टर किए हुए पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग रखी। वहीं कर्मशिला भवन में खराब विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
संगठन का कहना है कि बिजली व्यवस्था खराब होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्राओं के लिए अलग बाथरूम की मांग
ज्ञापन में छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कैंपस में दो से तीन नए बाथरूम बनवाने की मांग भी की गई है।
शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग
भारतीय विद्यार्थी सेना ने विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने मांग की कि शिक्षकों की भर्ती की जाए, ताकि कक्षाओं में नियमित रूप से शिक्षक उपलब्ध रहें और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रभारी प्रिंस द्विवेदी, विजय राठौर, अंकित विश्वकर्मा, शिवम यादव, नरेंद्र मिश्रा, लोकेन्द्र नागर, अरुण, राजेश, राज, दीपक, आयुषी नामदेव, भूमि यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Post a Comment